सिद्धार्थनगर। बॉर्डर पर फल और सब्जियों के बीच तस्करी के सामान भेजने के मामला सामने आया है। नेपाल की बुटवल पुलिस ने बिना भंसार के सब्जी लदी गाड़ी में ले जाए जा रहे मोबाइल के टैंपर्ड ग्लास को शुक्रवार शाम जब्त कर लिया। पकड़ा गया आरोपी भारतीय है, जुर्माना लगाकर पुलिस ने उसे छोड़ दिया है।
कपिलवस्तु राजस्व जांच कार्यालय बुटवल की एक टीम ने भारतीय सीमा के माध्यम से तस्करी किए जा रहे मोबाइल फोन में इस्तेमाल होने वाले टैंपर्ड ग्लास को जब्त कर लिया है। पकड़ा गया भारतीय नागरिक मनोज सब्जी लदी गाड़ी से 11.17 लाख रुपये का टैंपर्ड ग्लास बुटवल ला रहा था। भारतीय सीमा से अवैध माल ले जाकर बुटवल, भैरहवा जैसे शहरों में बेचा जाता है। राजस्व अनुसंधान कार्यालय बुटवल के मुख्य जांच अधिकारी पशुपति बाबू पुरी ने बताया कि बुटवल के हाट बाजार में सब्जी की गाड़ी (पिकअप) में छिपा हुआ सामान मिला।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए मनोज और वाहन को कुल 22 लाख 26 हजार 265 रुपये की जमानत पर रिहा कर दिया गया है। राजस्व जांच में लगाई गई टीम ने रूपनदेही ओमस्तिया वार्ड नंबर चार बसंतपुर से 3.30 लाख रुपये की अवैध चॉकलेट भी जब्त की है। यह भैरहवा से नवलपरासी जा रही पिकअप वैन से पकड़कर जब्त किया गया है।