डुमरियागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के बहेरिया गांव के पास खाई में मिले युवक की मौत डूबने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। आशंका व्यक्ति की जा रही है कि युवक गिरकर खाई में चला गया होगा और डूब गया होगा। इससे उसकी मौत हो गई होगी।
गोंडा जनपद के मनकापुर थाना क्षेत्र के अंगनीपुरवा गांव निवासी दिनेश यादव (20) पुत्र रामनाथ सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बहेरिया गांव में राजकीय नलकूप का निर्माण के दौरान ट्रायल करने आया था। शनिवार सुबह क्षेत्र के बहेरिया गांव के पास सड़क के किनारे खाई में लाश मिली थी। ठेकेदार ने बताया था कि शुक्रवार की रात करीब नौ बजे वह बहेरिया पहुंचा, जहां नलकूप का काम चल रहा था। सामान व कपड़े आदि सब थे, लेकिन दिनेश मौजूद नहीं था। संपर्क करने की कोशिश किया, लेकिन मोबाइल बंद बता रहा था। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की बात सामने आई है। पुलिस आशंका जता रही है कि वह खाई में गिर गया होगा और डूबकर मौत हो गई होगी। पोस्टमार्टम के बाद लिखापढ़ी करके शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में सीओ डुमरियागंज अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।