संतकबीरनगर। थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के सरौली चहररूम गांव निवासी युवक की शुक्रवार को ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार शाम करीब 4:00 बजे शव का पोस्टमार्टम किया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार दीपू (32) पुत्र जगदीश निवासी सरौली चहररूम थाना कोतवाली ट्रक चलाता था। शुक्रवार देर शाम को वह ट्रक लेकर बूधा पेट्रोल पंप के पास आया था। गाड़ी खड़ी करने के बाद वह पैदल ही अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चुरेब के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना जीआरपी को दी। सूचना पाकर जीआरपी मौके पर पहुंची तथा शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
-
दीपू की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दीपू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दीपू मेहनतकश और मिलनसार स्वभाव का था।