बर्डपुर क्षेत्र के सोनबरसा गांव के पास घटनास्थल पर लगी भीड़। संवाद
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
बाइक सवार युवक का शव सोनबरसा गांव जाने वाली सड़क के किनारे एक खेत में मिला। उसके चेहरे व नाक पर चोट के निशान थे और बाइक उसके पैर के पास पड़ी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने युवक के हत्या की आशंका जताई है।
गोरखपुर जिले के बासगांव थानाक्षेत्र के भैसही बाजार गांव के मूल निवासी वकील प्रसाद सीएचसी बर्डपुर में वार्ड ब्वॉय के पद पर कार्यरत हैं। वकील परिवार के साथ सीएचसी बर्डपुर के आवास में रहते हैं। वकील प्रसाद के मुताबिक उनका पुत्र विशाल मौर्या (25) बृहस्पतिवार शाम को बाइक से किसी कार्य से कहीं गया था।
विशाल को खाना खाने के लिए की रात 8.30 बजे फोन किया तो विशाल ने थोड़ी देर में आने की बात कही थी। जब देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी खोजबीन करना शुरू किए। शुक्त्रस्वार सुबह सात बजे कुछ लोगों ने सड़क के किनारे खेत में बाइक सवार युवक का शव देखा। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
विशाल के पिता वकील प्रसाद मौर्य ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। विशाल मौर्या माता-पिता का इकलौता पुत्र था, उसकी एक बहन थी जिसकी शादी हो चुकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक का चेहरे पर चोट के निशान थे और शरीर काला पड़ गया था, लेकिन बाइक क्षतिग्रस्त नहीं हुई थी।
एसओ मोहाना संतोष कुमार सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्थित स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।