इटवा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। राजकीय डिग्री कॉलेज चौखड़ा के सामने बने स्पीड ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इटवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की 13 नवंबर को शादी तय थी। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित हुई बाइक
इटवा कस्बा निवासी आदर्श सोनी मंगलवार रात करीब 10:30 बजे बाइक से अपने घर से डुमरियागंज की ओर जा रहे थे। राजकीय डिग्री कॉलेज चौखड़ा के सामने पहुंचने पर स्पीड ब्रेकर पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में आदर्श गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी इटवा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
13 नवंबर को होनी थी शादी
आदर्श सोनी की 13 नवंबर को शादी तय थी। परिवार में शादी की तैयारियों के बीच हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। इस संबंध में इटवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।