संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के पूर्व आयुष मंत्रालय भारत सरकार की ओर से चलाए जा रहे “योगा 365” अभियान के तहत जिले में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में मिशन निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सभी विभागों, जिला प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय निकायों को अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के अंतर्गत “100 डेज फ्री लाइव योगा सेशंस” का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 14 दिवसीय योग अभ्यास कार्यक्रम संचालित कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को बृहद स्तर पर मनाने की तैयारी की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि आयुष मंत्रालय भारत सरकार की ओर से जारी ऑनलाइन लिंक के माध्यम से पंजीकरण कराया जा सकता है। इसके अलावा समर्पित टोल फ्री नंबर 18003157008 पर कॉल कर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों, उनके परिवार के सदस्यों तथा आम जनता की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने सभी विभागाध्यक्षों, जिला स्तरीय अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों और स्थानीय निकायों को निर्देशित किया है कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और अधिक से अधिक लोगों का पंजीकरण कराएं। साथ ही की गई कार्रवाई की सूचना क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा गया है।