एक्सरे कक्ष बंद, डीएम ने रोका चिकित्सक का वेतन
डीएम ने सीएचसी तिलौली, पीएचसी डिड़ई, खेसरहा का निरीक्षण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी/खेसरहा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तिलौली के निरीक्षण के दौरान एक्सरे कक्ष बंद मिलने पर डीएम ने संबंधित चिकित्सक का वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने खेसरहा ब्लॉक के निरीक्षण में सहायक लेखाकार को नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
डीएम दीपक मीणा ने सीएचसी तिलौली पहुंच कर उपस्थिति पंजिका, ओपीडी कक्ष, कार्यालय आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), डीसीपीएम के कार्यों की समीक्षा के दौरान टैली शीट में आरसीएच आईडी नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया। खेसरहा ब्लॉक कार्यालय के निरीक्षण के दौरान मनरेगा के फाइल में चेक लिस्ट नहीं पाए जाने, कार्य विभाजन रजिस्टर नहीं होने और पत्रावलियों को सही ढंग से रख-रखाव नहीं करने पर डीएम ने नाराजगी जताई। साथ ही सहायक लेखाकार किरन विश्वकर्मा को नोटिस देकर स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया। इसके साथ ही आईजीआरएस रजिस्टर, उपस्थिति रजिस्टर, डिस्पैच रजिस्टर आदि का अवलोकन किया।
अपात्रों को पशु शेड आवंटित करने का आरोप
डीएम के निरीक्षण के दौरान प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद पांडेय उर्फ कोकिला पांडेय ने पशु शेड की शिकायत की। उन्होंने दावा किया कि ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में जो लोग पशु शेड के लिए पात्र हैं उन्हें ब्लॉक से अपात्र कर दिया जा रहा है और जो अपात्र है उनका पशु शेड बनाया जा रहा है। मस्टररोल पर 15 दिन से हस्ताक्षर नहीं किया जा रहा है। सामुदायिक शौचालय के लिए भी धन नहीं निकल पा रहा है ग्राम प्रधान से जबरन पंचायत भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इस पर डीएम दीपक मीणा ने शिकायतें जल्द दूर करने का आश्वासन दिया।
सीडीओ के निरीक्षण में कम मिले श्रमिक
सीडीओ पुलकित गर्ग ने ग्राम भानपुररानी में मनरेगा कार्य का निरीक्षण किया। वहां नौ कार्यों पर 210 मजदूरों का मस्टर रोल निकाला गया था लेकिन मौके पर सिर्फ दो कार्य करते हुए पाए गए। निरीक्षण में गांव में 129 शौचालय अधूरे पाए गए, जिस पर सीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी को कारण बताओ नोटिस देने का निर्देश दिया। उन्होंने दो कार्य मिट्टी पटाई और सीसी रोड का भी निरीक्षण किया।