सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बेंवा सीएचसी पर एक माह से एक्स रे मशीन खराब होने से मरीजों को एक्स-रे करवाने में कठिनाई हो रही है। जिससे मरीजों की मजबूरी का फायदा निजी एक्स रे सेंटर के लोग उठा रहे हैं। मरीजों से मनमाना शुल्क वसूल रहे हैं।
मरीजों का कहना है कि एक महीने से बेंवा अस्पताल में एक्स रे नही हो रहा है। डॉक्टर मरीजों को बाहर एक्स रे के लिए भेजते है। मरीजों को घंटो एक्स रे के लिए भटकना पड़ता है। और अधिक पैसों में एक्स रे करवाने को मजबूर होते है। बेंवा सीएचसी के डॉक्टर फेफड़े व छाती के एक्स रे के लिए मरीजों का एक्स रे करवाते है। बेंवा सीएचसी में हड्डी के डॉक्टर नहीं हैं। शुक्रवार को रामदास, मुनव्वर हुसैन, राधेश्याम, आकाश, नसीम ने बताया कि बेंवा अस्पताल में एक्स रे न होने से परेशान होना पड़ता है। उन्होंने एक्स रे सुविधा बहाल करने की मांग की है।
इस संबंध में बेंवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. श्रवण तिवारी ने बताया कि मशीन में कुछ खराबी के चलते एक्स रे नहीं हो पा रहा है। इसके लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिख कर अवगत कराया गया है।जल्द ही एक्स रे सुविधा बहाल होगी।