सिद्धार्थनगर के सर्वेश ने दिल्ली के प्रदीप को पटका
इटवा ब्लॉक के कठेला में दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता का हुआ समापन
अमर उजाला ब्यूरो
परसा (सिद्धार्थनगर)। इटवा ब्लॉक के कठेला में स्थित गोपाल कृष्ण गोखले शिक्षा सदन विद्यालय के मैदान पर आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय विराट कुश्ती प्रतियोगिता के अंतिम दिन 20 जोड़ी पहलवानों ने जोर-आजमाइश की। सिद्धार्थनगर के सर्वेश तिवारी ने दिल्ली के प्रदीप को आसमान दिखाकर वाहवाही लूटी।
अन्य मुकाबलों में मथुरा के बजरंगी दास ने रुदलपुर के बाबू पहलवान को, नेपाल के गूंगा ने गाजीपुर के मस्ताना को, नेपाल के थापा ने राजस्थान के महाबीर को, अयोध्या हनुमान गढ़ी के नागेंद्र ने मध्य प्रदेश के मूल पहलवान को, दिल्ली के राजीव ने पंजाब के मुन्ना को, हनुमानगढ़ी अयोध्या के सुदामा ने गोरखपुर के मनोज को, गोरखपुर के मनोज ने महराजगंज के सुनील को, मथुरा के बजरंगीदास ने उत्तराखंड के कालिया राणा को, सिद्धार्थनगर के सर्वेश तिवारी ने दिल्ली के प्रदीप को, दिल्ली के अशोक ने हिमांचल प्रदेश के बादल को, नेपाल के महाबीर थापा ने कोल्हापुर के जगदीश को पटखनी दी। गोरखपुर के मनोज व बरेली के सुरेंद्र, कलिया शरीफ के नवाब पहलवान व बरेली के सुरेंद्र के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा।
इससे पूर्व अखिल प्रतियोगिता की शुरुआत पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजकिशोर यादव ने पहलवानों से हाथ मिलाकर की। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष गोविंद माधव, संरक्षक दलसिंगार दूबे, अध्यक्ष राजकुमार मोदनवाल, श्यामू, गुप्ता, पिंटू कमलापुरी, दिनेश दूबे, हर्षित मोदनवाल, विनय मिश्र, शिवपूजन यादव आदि मौजूद रहे।