पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के पकड़ी से मस्जिदिया पिपरी होते हुए देवकलीगंज तक जाने वाली मार्ग का निर्माण कार्य मंगलवार शुरू कर दिया गया। गिट्टी गिराई जा रही है। निर्माण कार्य के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है। इससे लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी। शोहरतगढ़ से देवकलीगंज तक जाने वाली सड़क काफी समय से जर्जर हाल में थी। लोगों के विरोध और समस्या काे अमर उजाला ने 14 जुलाई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया।
खबर छपने के बाद प्रशासन ने सड़क निर्माण शुरू करा दिया। करीब पांच किलोमीटर संपर्क मार्ग की गिट्टियां उखड़ कर गड्ढों में तब्दील हो चुकी थीं। हल्की सी बारिश में पकड़ी चौराहे पर सड़क पर पानी इकट्ठा हो जा रहा था, जिससे यहां पर लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क निर्माण के लिए तीन माह पहले ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई जा चुकी थी लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था।
लोगों की समस्या को देखते हुए अमर उजाला अखबार ने कई बार खबरें प्रकाशित की थी। निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर 13 जुलाई को अपना दल एस के शिक्षा मंच के प्रदेश सचिव अनिल चौधरी की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने सोमवार को पकड़ी चौराहे पर धरना प्रदर्शन करने की तैयारी में थे।
लोगों के पहुंचने के बाद ठेकेदार अजय सिंह के मंगलवार से निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। इस खबर को अमर उजाला अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद पीडब्ल्यूडी और ठेकेदार ने मंगलवार को इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया। क्षेत्र के बनारसी साहनी, दयादास, रामसुंदर गुप्ता, संजय जायसवाल, भल्लू निषाद, बीरु जायसवाल आदि लोगों ने अमर उजाला अखबार को धन्यवाद किया है।