सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में बर्डपुर ब्लॉक के ग्राम दुल्हा सुमाली में गांव की समस्या गांव में समाधान के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस मौके पर डीएम ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज सशक्त सीमाएं भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इसके तहत योजना बनाकर कार्य किया जा रहा है। बार्डर के गांवों में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए सड़के व अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। आप सभी लोग मिलकर सहयोग करें।
भारत-नेपाल सीमा पर खुला बाॅर्डर क्षेत्र है। ग्रामवासियों को जागरूक रहने की आवश्यकता है, जिससे तस्करी को रोका जा सके। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को सभी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाएं। आयुष्मान कार्ड से पांच लाख तक का निशुल्क इलाज की सुविधा है। किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसलों के क्षति पूर्ति का भुगतान और किसान सम्मान निधि की समस्याओं का निराकरण कराएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी को पेंशन से जुड़ी समस्या है, जैसे वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन या दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है तो वे तुरंत जानकारी दें। कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि महिलाओं को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि बिजली निगम की ओर से चलाई जा रही ओटीएस योजना के तहत पंजीकरण कराकर बिजली बिल में छूट का लाभ प्राप्त करें। राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए। वरासत के प्रकरणों को समय के तहत निस्तारित कराएं। भूमि विवाद व पैमाइश आदि प्रकरण यदि है तो प्रार्थना-पत्र दे सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कराकर पेंशन का लाभ दिया जाए। कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दिलाएं। सभी अपनी फार्मर रजिस्ट्री करा लें, जिससे सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने गर्भवतियों का गोदभराई कार्यक्रम विधिवत रूप से संपन्न कराया और पौधरोपण भी किया।
इस दौरान एसडीएम नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, डीडीओ राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, बीडीओ बर्डपुर ओमप्रकाश यादव उपस्थित रहे।