फर्जीवाड़ा कर बर्डपुर ब्लॉक की महिलाओं के नाम निकाला गया था ऋण
अब वसूली के लिए बनाते हैं दबाव और उठा ले जा रहे है गैस सिलेंडर, मोबाइल, पंखा
संवाद न्यूज एजेंसी
बर्डपुर। विकास खंड बर्डपुर के ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर 11 के अलग-अलग टोले की 16 महिलाओं के नाम समूह की पूर्व अध्यक्ष ने विभिन्न बैंकों से लोन कराकर पैसा सीएससी संचालक के माध्यम से निकाल ली। अब लोन देने वाले बैंक के कर्मी इन महिलाओं के घर जाकर लोन की किस्त के लिए गाली-गलौज देने के साथ साथ महिलाओं के समान भी उठा ले जा रहे हैं। आरोहण बैंक से लोन वसूलने आए शांति के घर से पंखा ले गए। महेंद्रा बैंक वाले सुनीता और शांति का एंड्रॉयड मोबाइल अप्रैल के आखिरी महीने में ले कर चले गए।
मुथूट बैंक, समस्ता बैंक, भारत बैंक सहित कई बैंक वाले इन महिलाओं के घर जाकर लोन का रुपये लेने के लिए घर पर आते हैं और गाली गलौज धमकी भी देते हैं। पीड़ित पूनम ने बताया कि पूर्व अध्यक्ष ने फरवरी मार्च और अप्रैल में लगभग 15 बार एक सीएससी सेंटर पर ले गई थी। हम सभी को लेकर वह जाती थी और उनके नाम से बैंकों से 2 लाख 23 हजार रुपये लोन का निकाला गया है। पीड़ित कमला देवी ने बताया की तीन महीने में कई बार आवास और पेंशन दिलाने के नाम पर उसके नाम से 11 बैंक से लगभग पांच लाख का लोन निकाला गया। जब सीएससी सेंटर पर जाते थे तो सर्वर डाउन के नाम से एक दिन में तीन चार बार अंगूठा लगवाया गया।
बरगदही निवासी पीड़ित सुभावती ने बताया कि उससे भी कई बार अंगूठा लगवाते थे। बरगदही निवासी पीड़ित मनभावती ने बताया की मेरे नाम से 11 बैंकों से रुपये निकाला गया। अनीता के साथ हफ्ते में दो तीन बार अंगूठा लगवाते थे। दयानगर निवासी सीमा ने बताया की हमारे नाम से 12 बैंकों से लगभग 4 लाख 65 हजार रुपये निकाला गया। हम सभी समूह की 16 महिलाएं को आवास, पेंशन गैस आदि दिलाने के नाम पर लेकर जाती थी।
दयानगर निवासी चंद्र कुमारी पत्नी सुरेंद्र ने बताया कि 45 हजार दो बार और 30 हजार एक बार एक लाख 20 हजार रुपये अंगूठा लगवाकर करीमपुर चौराहे पर सीएससी संचालक के यहां से निकला है। आधार कार्ड संशोधन, पहचान पत्र सही कराने के नाम पर अंगूठा लगवाकर निकाला गया। मुझे अनीता लेकर गई थी। दयानगर निवासी रीना पत्नी संजय ने बताया कि लगभग 12 बैंकों से 4 लाख 65 हजार रुपये अंगूठा लगवाकर निकाला गया था। मधुबेनिया चौराहे पर अनिता के साथ गई थी। 20 बार अंगूठा लगवाकर निकाला गया। आधार कार्ड लिंक करवाने बिटिया की शादी अनुदान के नाम पर अंगूठा लगवाकर निकाला गया। दौलतपुर निवासी सुनीता पत्नी महेंद्र ने बताया कि उससे 16 बार में अंगूठा लगवाकर 2 लाख 67 हजार रुपये निकाला गया।
शादी अनुदान, आवास के नाम पर निकाला ऋण
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि बिटिया की शादी अनुदान और आवास दिलाने के नाम पर अंगूठा लगवाकर ऋण निकाला गया। दौलतपुर निवासी शांति पत्नी जालंधर ने बताया कि 11 बैंको से लगभग 3 लाख 74 हजार रुपये निकाला गया। आवास, पेंशन दिलाने के नाम पर बिटिया के शादी दिलाने के नाम पर अंगूठा लगवाकर निकाला गया। करीमपुर चौराहे पर स्थिति दुकान से अंगूठा लगवाकर ऋण निकाला गया। बरगदही निवासी मानती, दौलतपुर निवासी इंद्रावती पीड़ितों में शामिल है।
बरगदही निवासी मीना ने बताया कि शादी अनुदान, आवास व जमीन पट्टा दिलाने के नाम 8 बैंकों से लगभग 4 लाख रुपये निकाला गया। पिपरी निवासी शीला व मानती भी पीड़ितों में शामिल हैं। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर समूह की पूर्व अनिता और एक सीएससी संचालक जेल भेज दिया है लेकिन अभी भी दो सीएससी संचालक जांच के दायरे में अभी भी है।