महिला सफाईकर्मी को मनबढ़ों ने पीटा
चुनावी रंजिश में पिटाई की बात आ रही सामने
त्रिलोकपुर थानाक्षेत्र के सेमरी गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मन्नीजोत। त्रिलोकपुर थानाक्षेत्र के सेमरा बनकसिया गांव के टोला सेमरी में बुधवार को महिला सफाईकर्मी और उसकी बेटियों की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। आरोप गांव के पूर्व के प्रधान के परिजनों पर है। पीड़ित ने चुनावी रंजिश में मारपीट करने की शिकायत पुलिस से की है।
क्षेत्र के ग्राम पंचायत पंचायत सेमरा बनकसिया के टोला सेमरी निवासी राधेश्याम चौरसिया प्राथमिक विद्यालय सेमरा बनकसिया में शिक्षामित्र के पद पर और उनकी पत्नी निर्मला देवी सफाईकर्मी के पद पर भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के चैनिया में तैनात हैं। राधेश्याम ने अपने घर के दक्षिण तरफ एक माह पूर्व नींव डालकर छोड़ दिया था। आरोप है कि बुधवार को पूर्व प्रधान के परिजन और उनके सहयोगी ईंट को उजाड़ने लगे। आरोप है कि उन्होंने कहा कि तुम लोगों के वोट नहीं देने से मैं चुनाव हार गया, यह रास्ते में बना है। निर्मला के विरोध करने पर सभी लोग निर्मला को पीटने लगे। बीचबचाव के लिए उनकी बेटियां गुड़िया, नीलम और पूनम को भी पीटा। जिसमें इन लोगों का सिर फट गया, जबकि निर्मला का बायां पैर टूट गया। सूचना पर पहुंची पीआरबी के लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सिरसिया भिजवाया। जहां बेटियों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं निर्मला को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर रणधीर कुमार मिश्र ने बताया घटना की जानकारी है। घायलों को इलाज के लिए भिजवाया गया है। तहरीर अभी नहीं मिली है, मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।