संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला पांच बच्चों को पति के पास छोड़कर लापता हो गई। पति दयाशंकर ने पत्नी को ढूंढ़ने की काफी कोशिश की, लेकिन जब उसका कहीं भी पता नहीं चल पाया तो बृहस्पतिवार को पति ने पत्नी के लापता होने की तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई है। शोहरतगढ़ क्षेत्र के रहने वाले दयाशंकर की शादी बीस वर्ष पहले सियांव नानकार निवासी महिला से शादी हुई थी। उनके पांच बच्चे हैं। सबसे बड़ी पुत्री 17 वर्ष की है जबकि बेटा 15 वर्ष का है। अन्य तीन बच्चे छोटे हैं। पीड़ित दयाशंकर ने बताया कि उसकी पत्नी हर बात को लेकर उसपर धौंस जमाती रहती है। किसी बात से नाराज होकर पिछले माह वह सभी बच्चों को छोड़कर लापता हो गई। कई दिन तक जब घर नहीं आई तो ससुराल में पता किया तो वह वहां भी नहीं पहुंची थी। पिछले एक माह से सभी रिश्तेदारों से भी जानकारी ली, लेकिन उसका पता नहीं चला। थानाध्यक्ष शोहरतगढ़ नवीन कुमार सिंह ने कहा की पीड़ित ने घर से एक माह पहले पत्नी के लापता होने की सूचना दी है।