सिद्धार्थनगर। गोंडा-गोरखपुर रेल खंड पर बुधवार को शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन के उत्तर समपार फाटक के पास हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जीआरपी नौगढ़ ने शव की शिनाख्त करवाने की कोशिश की लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को मोर्चरी में भेज दिया।
बुधवार दोपहर में एक अज्ञात महिला शोहरतगढ़ रेलवे के उत्तर रेलवे पटरी से होकर समपार फाटक की तरफ जा रही थी। उसी समय वह गोंडा की तरफ आ रही हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट वह आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। महिला धानी रंग का सलवार-सूट पहने हुई थी। मौके पर जीआरपी के जवानों ने हादसे के बाद इकट्ठा हुए लोगों से पहचान करवाने की कोशिश की, लेकिन पहचान उसकी नहीं हो पाई। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक सद्दाम हुसैन ने बताया कि जीआरपी नौगढ़ की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।