सिद्धार्थनगर। सड़क हादसे में बुधवार रात घायल शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के ग्राम छरहटा निवासी मंगरा देवी (40) की जिला अस्पताल बस्ती में इलाज के दौरान मौत हो गई। पति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छरहटा निवासी सुभाष पत्नी मंगरा देवी के साथ साइकिल से बांसी-बस्ती मार्ग पर बस्ती की तरफ जा रहे थे। बताया जाता है कि डिंडई चौराहे पर स्थित लड्डू बाबा की दुकान के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से ठोकर मार दी। जिससे सड़क पर गिरी महिला के सिर में गंभीर चोट आई। थोड़ी ही देर में अन्य परिजन भी पहुंच गए, जो घायल को इलाज के लिए बस्ती ले गये। जहां उपचार के दौरान बुधवार देर रात्रि मौत हो गई। थानाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने बताया कि मृतका के पति सुभाष के तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जांच की जा रही है। संवाद