बाइक की चपेट से महिला की मौत, तीन जख्मी
जिला अस्पताल से दो घायल गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
जोगिया कोतवाली क्षेत्र के तनजवा के पास हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिया। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के बांसी-नौगढ़ मार्ग पर स्थित तनजवा गांव के पास बृहस्पतिवार को दो बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग जख्मी हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
उसका थानाक्षेत्र के मरवटिया माफी गांव निवासी शेखर (20) बाइक से सोनमती (60) पत्नी संतलाल, श्रीमती (45) पत्नी कन्हैया के साथ बांसी जा रहा था। शेखर अभी जोगिया कोतवाली क्षेत्र के बांसी-नौगढ़ मार्ग पर स्थित तनजवा गांव के पास पहुंचा था कि बांसी की ओर से आ रहे पथरा थानाक्षेत्र के तुरकौलिया तिवारी गांव निवासी शाहआलम (26) की बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में सोनमती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीनों घायल हो गए। जोगिया पुलिस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शाहआलम की हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अन्य दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस बाबत एसओ जोगिया आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी।