सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बछउर गांव में घर में घुसकर एक महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बछउर निवासी गीता सिंह पत्नी स्व. हवलदार सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी शिकायती पत्र में बताया कि वह घर पर अकेली रहती हैं। आरोप है कि गांव के ही हरि यादव आए दिन उनके साथ गाली-गलौज और धमकी देता रहता है।
पीड़िता के मुताबिक चार मार्च को करीब सुबह 11 बजे वह घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान हरि यादव उनके घर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने उनके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से मारपीट की।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी पिछले करीब नौ वर्षों से उन्हें परेशान करता आ रहा है और अब जान से मारने की धमकी भी दे रहा है, जिससे वह काफी डरी और सहमी हुई है। पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर गांव के हरि यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।