बांसी। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद की मौजूदगी में शनिवार को थाना शिवनगर डिड़ई परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम, थाना समाधान दिवस और थाना का वार्षिक निरीक्षण भी हुआ।
सबसे पहले थाना परिसर में आयोजित मिशन शक्ति जागरूकता कार्यक्रम में गजहड़ा के इंटर कॉलेज की छात्राओं व अध्यापिकाओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। महिला आरक्षी प्रतिमा दूबे और उनकी टीम ने साइबर फ्रॉड से बचाव, हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग और मोबाइल में ऑटो डाउनलोड बंद रखने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही किसी भी प्रकार के फ्रॉड की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत कॉल करने की सलाह दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति की वास्तविक शक्ति है।
उन्होंने बेटियों को आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए कल्पना चावला, सुनीता विलियम्स, द्रौपदी मुर्मू, पीटी ऊषा, मैरीकॉम और दीप्ति शर्मा जैसी प्रेरणादायक हस्तियों का उदाहरण दिया और छात्राओं को मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।