नशामुक्ति का प्रशिक्षण लेने जाएंगे मेडिकल के सात स्वास्थ्य कर्मी
गाजियाबाद एम्स में एक जुलाई से पांच जुलाई तक चलेगा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के छह स्वास्थ्य कर्मी नशामुक्ति का प्रशिक्षण लेने के लिए गाजियाबाद एम्स जाएंगे। उसके बाद लोगों को जागरूकता का पाठ पढ़ाकर लोगों को मादक पदार्थ से दूर रहने का संदेश देंगे।
एनडीडीटीसी राष्ट्रीय औषधि उपचार केंद्र एम्स गाजियाबाद में एक जुलाई से पांच जुलाई तक नशा मुक्ति के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। पांच दिवसीय प्रशिक्षण में नशामुक्ति से संबंधित सभी जानकारियों को दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए नशा केंद्र पर मौजूद सभी अलग-अलग विभागों के एक-एक स्वास्थ्य कर्मी का चयन किया गया है। जिसमें नोडल अधिकारी मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. मो. अफजल, डॉ. चंद्र प्रकाश, नर्स रिशु मिश्रा, काउंसलर अमित कुमार, डेटा ऑपरेटर कुमकुम यादव व बैकअप ऑफिसर इरफान अहमद प्रशिक्षण लेने के लिए एम्स गाजियाबाद जाएंगे।
नोडल अधिकारी डॉ. मो. अफजल ने बताया कि समाज से नशा को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए इस प्रशिक्षण को दिया जाएगा। उसके बाद सभी प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी मेडिकल कॉलेज के अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे। इससे नशामुक्ति करवाने के लिए कई जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। साथ ही आने वाले लोगों को भी जागरूक किया जाएगा।