सिद्धार्थनगर। गर्मी कम होने पर एसी बंद हुई तो बिजली का ओवरलोड कम हो गया, लेकिन अब बारिश के पानी के फॉल्ट से बिजली बेपटरी हो रही है। कहीं तारों पर पेड़ गिर गए हैं तो कहीं पोल गिर गए हैं। इसी दौर में क्रेक इंसुलेटर के पंचर होने के कारण भी बिजली व्यवस्था पटरी से उतर रही है।
शहर में शुक्रवार को शिवाजी नगर व पूरब पड़ाव क्षेत्र में दिन में कई बार बिजली कटी। दोपहर एक बजे से तीन बजे तक बिजली गुल रही। लोगों ने शिकायत की तो एक ही जवाब मिला कि लोकल फॉल्ट है। रामसेवक ने बताया कि बरसात में बिजली कटने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
बर्डपुर क्षेत्र में बिजली विभाग की उदासीनता से बुधवार की रात से ही तीन चार गांवों के लोग उमस भरी गर्मी एवं अंधेरे में रहने को मजबूर थे। क्षेत्र के मजिगवां, महुअवा, सिहोरवा बुजुर्ग सहित अन्य गांवों की बिजली 9 अगस्त की रात से नहीं थी, 11 हजार सप्लाई का पोल गिर गया है। ग्रामीण वृजभूषण चौधरी,सुभाष ने जिसकी सूचना पर 10 अगस्त की सुबह लाइन मैन जम्फर खोल कर गया और आधे घंटे में आकर बनाने की बात कहा लेकिन पूरा दिन इंतजार करवाने के बाद वह नहीं आया। इस संबध में जेई सुशील कुमार मौर्या ने बताया कि खंभे को सीधा कर दिया गया है, तार जुड़ गए हैं। जल्दी ही बिजली व्यवस्था हो जाएगी। बर्डपुर में ट्रांसफार्मर खराब के कारण भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शोहरतगढ़ कस्बे में पोल गिरने के कारण एक हजार परिवारों की आपूर्ति बाधित थी, शुक्रवार शाम को आपूर्ति बहाल की गई।
बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है और बिजली का लोड भी कम हुआ, लेकिन इधर बारिश के पानी के कारण बिजली का लोकल फॉल्ट होने लगे हैं। फिर भी कोशिश है कि लोगों को निर्वाध बिजली मिल सके।
-आरके कुशवाहा, अधिशासी अभियंता