सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बैदौली गांव में भैंस चराने को लेकर हुए मामूली विवाद में गांव के ही एक परिवार ने एक वृद्ध को पीटकर लहूलुहान कर दिया। परिजनों ने घायल वृद्ध को शोहरतगढ़ सीएचसी में भर्ती करवाया। उसके बाद थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके मामले की जांच में जुट गई है।
क्षेत्र के बैदौली गांव निवासी विक्रम पांडेय (65) अपने खेत में चरी व बरसीन घास लगाए हुए हैं। आरोप है कि गांव के प्रकाश माली को खेत में भैंस चराने मना कर दिए। इस बात को लेकर प्रकाश माली गाली-गलौज करने लगा। उसी दौरान प्रकाश माली के पुत्र लवकुश, सुंदर, पिन्टू सहित आदि लोग आ गए। इसके बाद लाठी डंडे से उनपर हमला कर दिया। जिससे विक्रम पांडेय गम्भीर रूप से जख्मी हो गए। परिजन उन्हें शोहरतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उनका इलाज हो रहा है। मंगलवार शाम को ही पीड़ित के परिजनों ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की। इस संबंध में पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।