मौसम विभाग ने बस्ती, सिद्धार्थनगर में तूफान आने के साथ बिजली गिरने की जताई आशंका
बिजली गिरने के साथ भारी से बहुत भारी तक हो सकती है बारिश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मौसम विभाग ने जिले में तीन दिनों तक बेहद खराब मौसम की आशंका जताई है। प्रदेश स्तर से जारी ऑरेंज अलर्ट में जिले का भी नाम शामिल है। पूर्वानुमान के अनुसार तीन दिनों तक मेघ गर्जना के साथ भारी से बहुत भारी तक बारिश हो सकती है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार, पांच जिलों बस्ती, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, हरदोई और लखनऊ में बेहद खराब मौसम हो सकता है। बताया कि लोग सतर्क रहें। भारी बारिश के साथ ही तूफान और बिजली गिर सकती है। कहा कि बारिश व बादलों के गर्जना के दौरान प्रयास करें कि घर में ही रहें। बिजली चलित उपकरणाें को बंद रखें। उल्लेखनीय है कि पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार को बभनान व हर्रैया क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। जबकि शहर में हल्की बारिश से ही लोगों को संतुष्ट होना पड़ा। हालांकि मौसम दिनभर सुहाना बना रहा।