डिप्टी सीएमओ कार्यालय में खाली पड़ीं कुर्सियां
सीएमओ, डिप्टी सीएमओ एवं निजी हॉस्पिटल के संचालक के बीच लेनदेन की बातचीत का वीडियो वायरल होने का मामला
मंत्री के कार्यक्रम में व्यस्त रहे सीडीओ, नहीं सौंपी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सीएमओ डॉ. बीके अग्रवाल की तहरीर के आधार पर जांच रिपोर्ट में केस में फंसे डिप्टी सीएमओ और निजी अस्पताल के संचालक को उम्मीद है कि सीडीओ की जांच में सीएमओ के खिलाफ लगाए गए आरोप साबित होंगे। हालांंकि, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज होने के बाद तीनों ने खुद को समाज से अलग कर लिया है।
वीडियो वायरल प्रकरण में संवाददाता ने शनिवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. एमएम त्रिपाठी से मोबाइल पर बात की तो उन्होंने जिलाधिकारी की ओर से कराई जा रही जांच पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें न्याय मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि सीएमओ ने पुलिस अधीक्षक को दो वीडियो ही दी थी, जिसमें डिप्टी सीएमओ के चेंबर और कार में हुई बातचीत का वीडियो था, इसलिए उनके आरोप के आधार पर केस दर्ज हुआ है, लेकिन जिलाधिकारी की ओर से नामित जांच अधिकारी सीडीओ जयेंद्र कुमार की जांच में सभी वीडियो है, इसमें सीएमओ कार्यालय में हुई बातचीत का भी वीडियो है। पूरी संभावना है कि इस जांच रिपोर्ट में साहब भी बेनकाब होंगे। जो बयान दर्ज हुए हैं, उसमें साबित हो रहा है कि सीएमओ ने निजी अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई में रुचि नहीं ली थी, जबकि दोनों डिप्टी सीएमओ के कार्यकाल के दौरान 14 निजी अस्पताल एवं जांच सेंटर सील गए हैं।
सीडीओ की जांच रिपोर्ट का इंतजार
सीएमओ, दोनों डिप्टी सीएमओ और अवध हॉस्पिटल के संचालक के बीच लेनदेन की बातचीत का वीडियो वायरल होने के मामले में सीडीओ जयेंद्र कुमार ने शनिवार को डीएम संजीव रंजन को रिपोर्ट नहीं सौंपी। संभवत: जिले के प्रभारी एवं उर्जा मंत्री एके शर्मा के कार्यक्रम में सभी अधिकारी व्यस्त हो गए थे। इसी कारण वायरल वीडियो प्रकरण में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं हो सकी, जबकि स्वास्थ्य महकमा सहित निजी अस्पताल के संचालकों की भी इस रिपोर्ट पर पैनी नजर है।
लखनऊ तक पहुंचा है वीडियो
सीएमओ कार्यालय में लेनदेन की बातचीत का वीडियो वायरल करने वाले अवध हॉस्पिटल के संचालक फार्मासिस्ट रंजीत मोबाइल बंद करके भूमिगत हो गया है। वीडियो वायरल करने से पहले उसने वीडियो को लखनऊ में मौजूद स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को दी थी। इस मामले में क्या हुआ? यह जानने के लिए लोग उत्सुक हैं।