जलभराव पर भाजपा सांसद और पार्षद में बहस
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
मूसलाधार बारिश के बाद शहर में जलभराव को लेकर भाजपा में ही घमासान मच गया। भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने सदर सांसद रवि किशन पर सवाल उठाया। बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने पार्षद से फोन करके बातचीत की और दिल्ली बुलाया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पार्षद एक रेस्टोरेंट में बैठे हुए रामगढ़ताल, पाम पैराडाइज और तरकुलानी क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या को लेकर सांसद से फोन पर बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप भी लगाए।
सांसद ने पार्षद से पूछा, समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं क्या? जवाब में पार्षद ने सांसद से कहा कि मैं तो नहीं गया, आप बसपा में शामिल हो गए हैं। पार्षद ने कहा कि चारो तरफ पानी लगा है और जनता परेशान है। इस पर सांसद ने कहा कि मैं वहीं हूं। अरे ब्राह्मण देवता का हो गइल...इस पर पार्षद भड़क उठे और बोले, पूरा शहर डूब रहा है आपको ब्राह्मण देवता दिख रहा है।
पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े का मेरे पास दोपहर 2:04 बजे फोन आया था। उन्हें पूरे मामले की जानकारी मैंने दी। उन्होंने मुझे दिल्ली बुलाया है। कहा कि आप आओ बैठकर सारे मुद्दों पर बातचीत होगी। करीब चार मिनट की बातचीत में मैंने क्षेत्र की जनता की समस्या के बारे में बताया। जल्द ही दिल्ली जाकर मुलाकात करुंगा।
सांसद-पार्षद के बातचीत पर सपा प्रमुख का वीडियो वायरल, कहा-सपा की सरकार बनेगी
शहर में शनिवार को बारिश से जलभराव पर भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी और सदर सांसद के बीच बातचीत का वीडियो वायरल होने को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव का इस घटनाक्रम पर एक बयान का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
वायरल वीडियो के अनुसार इसमें किसी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी की ओर से सदर सांसद रवि किशन से बातचीत का वीडियो वायरल होने और इसमें हुई बातचीत की चर्चा की है। सपा प्रमुख से कहा गया कि गोरखपुर में भाजपा पार्षद ने सांसद को फोन कर समस्या बताई है तो सांसद का कहना था कि सपा जॉइन कर लेहलअ का।
इस बात पर अखिलेश यादव ने कहा है कि वह भी मेंबर बनेगा, बहुत जल्दी और अब तो सरकार बनेगी, समाजवादियाें की।