वॉलीबॉल : बढ़नी और झकहिया का दबदबा
सांसद खेल महाकुंभ के तहत आयोजित स्पर्धा के फाइनल में पहुंचीं बालक व बालिका वर्ग की चार टीमें
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सांसद खेल महाकुंभ के तहत जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को हुई बालक व बालिका वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बढ़नी की दो टीमों ने फाइनल में प्रवेश किया, जबकि झकहिया और स्टेडियम की टीम ने भी फाइनल में जगह बनाई।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बालक-बालिका वर्ग में 336 खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया।
सेमीफाइनल मैच में जागृति स्पोर्टिंग क्लब बढ़नी ने श्री सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज की टीम को 3-0 से शिकस्त दी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल मैच मे झकहिया ने मटेहना, खुनियाव को 3-1 से हरा दिया। बालक वर्ग की प्रतियोगिता में 31 टीमों ने प्रतिभाग किया।
बालिका वर्ग के सेमीफाइनल मैच में गांधी आदर्श बढ़नी ने भीमापार को 2-0 और स्टेडियम ने शोहरतगढ़ में 2-0 हरा दिया। कोच रत्नेश कुमार सिंह, शंभु गुप्ता, इशान सिंह, अरविंद कुमार ने प्रतियोगिता कराई।
----------
कबड्डी में चेतिया की बेटियों ने दिखाया दम
सिद्धार्थनगर। सांसद खेल महाकुंभ के तहत हुई कबड्डी प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज असिधवा चेतिया के बालिका वर्ग की दो टीमें फाइनल में पहुंच गई हैं।
पहले सेमीफाइनल मैच में जनता इंटर कॉलेज असिधवा चेतिया ए ने रतनसेन इंटर कॉलेज को 21-15 से एकतरफा मैच में हरा दिया। जनता इंटर कॉलेज असिधवा चेतिया बी की टीम ने एआरबी रेहरा को रोमांचक मुकाबले में पराजित किया। बालक वर्ग के सेमीफाइनल मैच में सेखुइया की टीम ने पननी लोटन को एकतरफा मैच में 25-9 से शिकस्त दी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल मैच में जिगिनहवा और गनेरा की टीमें पहुंची है।बालिका वर्ग में 26 और बालक वर्ग में 32 टीमें शामिल हुईं। यह प्रतियोगिता सिद्धार्थनगर महोत्सव स्थल पर होनी थी, लेकिन बाद जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई। इस कारण कबड्डी प्रेमी दर्शकों को परेशान होना पड़ा।कबड्डी प्रतियोगिता में सोनू गुप्ता, रवींद्र गुर्जर, लोकेंद्र प्रताप सिंह, राजकुमार यादव एवं चंद्रप्रकाश मौजूद थे।