शोहरतगढ़ के जोखवलिया गांव के पास पुल पर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
पकड़ी बाजार। बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत न होने से क्षुब्ध जोखवलिया के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। शासन-प्रशासन के विरोध में नारे लगाते हुए दुर्व्यवस्था के प्रति गुस्सा जाहिर किया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान न हुआ तो उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।
शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के पकड़ी से बैदौली संपर्क मार्ग पर जोखवलिया गांव के पास बानगंगा नदी पर निर्मित पुल बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त हो गया था। छह माह बीतने के बाद भी पुल की मरम्मत नहीं कराई गई। इससे ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर टूटे पुल से ही आवागमन को विवश होना पड़ रहा है। ब्लाक व तहसील स्तर पर कई बार प्रार्थना पत्र देने व जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद पुल की मरम्मत न होने से क्षुब्ध ग्रामीण शनिवार को पुल के पास एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, आगामी रूपरेखा भी बनाई गई।
ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रदर्शन के बाद भी जिम्मेदार हरकत में नहीं आए तो वह सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में ठाकुर राम, विजय गोसाई, रामकरन, रवींद्र कुमार, रामनयन गोसाईं, अजय कुमार, सतचरन, रामसेवक, हरिश्चंद्र, रामबरन, श्यामलाल, कन्हैया, घुरहू, जोखन चौधरी, गिरजाशंकर, त्रिभुवन यादव, अजय कुमार वाजपेयी, गया चौहान आदि शामिल रहे।