विधायक के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर विधायक पर लगाया भूमि हड़पने का आरोप
विधायक ने कहा आरोप लगाने वाले खुद सरकारी भूमि किए हैं कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। अपना दल (एस) के शोहरतगढ़ विधायक चौधरी अमर सिंह पर कुछ लोगों की भूमि हड़पने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने एडीएम को ज्ञापन देकर विधायक समेत अन्य पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में शामिल बर्डपुर नंबर एक के टोला अलीगढ़वा निवासी खलीलुल्लाह, रमेश और सच्चाराम ने आरोप लगाया कि अलीगढ़वा स्थित उनकी जमीन विधायक ने कब्जा कर लिया है। आरोप लगाया कि जब वे खेती करने जाते हैं तो विधायक और उनके लोग धमकी देकर भगा देते हैं। ग्रामीणों ने लेखपाल पर विधायक से मिलीभगत कर भूमि कब्जाने में सहयोग करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन में शामिल थे हियुवा पदाधिकारी
हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता, जिला संयोजक प्रेम नारायण दुबे, उपाध्यक्ष अजय सिंह, संजय कसौधन, अजय मिश्र प्रदर्शन में शामिल थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम को देकर विधायक, उनके परिजन और हलका लेखपाल पर भूमि कब्जाने के मामले में कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान ओमप्रकाश, विजय गुप्ता, संजय राजभर, संतोष, विष्णुदत्त, हरिशंकर आदि मौजूद रहे।
आरोप लगाने वालों ने किया सरकारी भूमि पर कब्जा
विधायक चौधरी अमर सिंह ने कहा कि मुझ पर राजनीतिक द्वेष वश आरोप लगाया जा रहा है। मेरी माता ग्राम पंचायत की प्रधान है, इसलिए सरकारी भूमि का देखरेख करना मेरा दायित्व है। आरोप लगाने वाले ग्रामीण खुद सरकारी भूमि कब्जा किए हैैं, उनसे सरकारी भूमि का कब्जा खाली करवाने की प्रक्रिया चल रही है। मैैं चाहता हूं कि सही तरीके से पैमाइश कराकर निजी और सरकारी भूमि का चिहंकन किया जाए। विधायक ने कहा कि हियुवा किसी भ्रष्ट और गलत लोगों का साथ नहीं देती है, गांव के जो लोग विरोध कर रहे हैं, वे खुद गलत हैं।