डुमरियागंज तहसील क्षेत्र स्थित बघमरवा गांव में तैनात लेखपाल पर वरासत करने के नाम पर पैसा वसूलने का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने तहसील अधिकारियों के अलावा आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव के करम अली, रवि श्रीवास्तव, राकेश गुप्ता पुत्र ने शिकायती पत्र में कहा कि वरासत के लिए लेखपाल उनसे पैसे की मांग कर रहे हैं। पैसे न देने की वजह से आज तक उनका काम नहीं हुआ।आईजीआरएस पर अब तक 10 शिकायतें हो चुकी हैं लेकिन स्थानीय अधिकारियों से मिलीभगत कर लेखपाल में पक्ष में रिपोर्ट लगा दी जाती है।
आराेप लगाया कि वरासत के अलावा आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट भी बिना सुविधा शुल्क के नहीं हो रहा है। इस संबंध में एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित ने कहा कि हल्का लेखपाल पर लगे आरोप गंभीर हैं। पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
लेखपाल पर लगाया पैमाइश न करने का आरोप
इठवा ग्राम पंचायत कलेनिया निवासी सहजराम चौधरी ने लेखपाल पर चकरोड की पैमाइश न करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में उन्होंने कहा है कि लेखपाल तीन वर्ष पूर्व दिए गए प्रार्थना पत्र के बाद भी चकरोड की पैमाइश में आनाकानी कर रहे हैं। ग्राम प्रधान सुनीता देवी ने कहा कि लेखपाल पैमाइश न करने के साथ आय व निवास प्रमाण पत्र में रिपोर्ट लगाने में भी काफी हीलाहवाली करते हैं। ग्राम प्रधान सहित दर्जनों ग्रामीणों ने लेखपाल के स्थानांतरण की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम कल्याण सिंह मौर्या ने कहा कि शिकायती पत्र के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।