सिद्धार्थनगर। शहर की मुख्य सड़क के किनारे सोमवार को नाली निर्माण के लिए हो रही खुदाई के चलते तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। खुदाई के दौरान स्टेट बैंक से शास्त्री नगर मोहल्ले के मोड़ तक एक ही लेन में आवागमन होने से वाहन रेंगते नजर। जाम में फंसने से स्कूल, ऑफिस व अन्य कार्य निकले लोगों के चेहरे पर तनाव दिख रहा था।
शहर के उसका रोड पर नाली निर्माण करवाने के लिए सड़क के बगल में खुदाई की जा रही है। गड्ढ़ा खोदने के लिए जेसीबी को सड़क पर खड़ा करना पड़ रहा था। जिससे सुबह 10 बजे ऑफिस के लोग निकले तो सड़क पर जाम लग गया और लोगों को पूरे तीन घंटे जाम के झाम में परेशान होना पड़ा। जाम से बच कर निकलने के लिए लोग एक ही रास्ते से आने-जाने लगे जिससे लोगों को जाम से और अधिक जूझना पड़ा। शहर के सिविल लाइंस मोहल्ला के रहने वाले दीपक ने बताया कि सुबह के समय लोग अपने आफिस के लिए निकले तो जाम से परेशान होना पड़ा। ऐसे में बैंक रोड होने से बैंक कर्मी को भी अपने ऑफिस पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम में परेशान लोग बोले
शहर में निजी कार्य से आए थे, लेकिन ब्लॉक के पास से ही जाम लगा हुआ था, जिससे स्टेट बैंक तक पहुंचने में एक घंटा से अधिक समय लग गया।
-रामकुमार पांडेय, पकड़ी
नगरपालिका को नाली निर्माण के लिए अवकाश के दिन खुदाई करवाना चाहिए, जिससे शहर में आने-जाने वाले लोगों को परेशान नहीं होना पड़े।
-सूर्य प्रकाश, सिविल लाइंस
वर्जन
जाम नहीं लगे इसके लिए नाली के खुदाई के समय में बदलाव किया जाएगा। जिससे सुबह के समय ऑफिस व स्कूल जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-विंध्याचल गुप्ता, ईओ