20 लाख रुपये से सुधरेगी वन विभाग पार्क की दशा
अशोक मार्ग स्थित पार्क की भूमि का उच्चीकरण कर लगेंगे फूल-पौधे
विभाग की ओर से डीएम को भेजे प्रस्ताव पर जल्द शुरू होगा कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शहर के अशोक मार्ग स्थित वन विभाग के पार्क की दशा सुधारने के लिए विभाग की ओर से डीएम को प्रस्ताव भेजा गया है। विभाग की ओर से 20 लाख रुपये की लागत के प्रस्ताव में पार्क की भूमि के उच्चीकरण समेत फूल-पौधे लगाने आदि कार्य शामिल किए गए हैं, जिस पर जल्द ही कार्य शुरू होगा।
शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित वन विभाग पार्क में शुरूआती दौर में काफी रौनक रहती थी, लेकिन धीरे-धीरे इस पार्क की स्थिति खराब होने लगी। पार्क में सुविधाओं की कमी तो है, चारदीवारी न होने के कारण इसमें पशुओं के साथ अराजक तत्वों का भी आवागमन होता है। पार्क में टहलने के लिए बना फूटपाथ टूटने के साथ ही फूल आदि पौधे भी नहीं लगे हैं। पार्क की दशा सुधारने के लिए वन विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में पार्क के अंदर बने फूटपाथ की मरम्मत कराने के साथ ही पार्क के अंदर की भूमि का उच्चीकरण कार्य भी शामिल है। डीएफओ आकाश दीप बधावन का कहना है कि भेजे गए प्रस्ताव के सापेक्ष मिले धन से फूटपाथ मरम्मत व भूमि उच्चीकरण के बाद फूटपाथ के किनारे फूल व पौधे लगाए जाएंगे। पार्क का सुंदरीकरण करने के लिए अन्य प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
तालाब के जीर्णोद्धार से बढ़ेगा आकर्षण
शहर के अमरेश श्रीवास्तव, नसीम खान व राकेश का कहना है कि पार्क में स्थित तालाब का जीर्णोद्धार कर दिया जाए तो पार्क में रौनक आ जाएगी। इस तालाब में महिलाएं छठ पूजा भी करती हैं। इसके साथ ही अगर पूर्व में संचालित कैंटीन को फिर से शुरू कर दिया गया तो यहां आनेवाले लोगों की तादाद बढ़ जाएगी व विभाग को पार्क के संरक्षण के लिए आय की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।