इटवा। निकाय चुनाव में मतगणना स्थल के नजदीक स्थित माता प्रसाद जायसवाल इंटर कॉलेज इटवा के गेट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा। कॉलेज के प्रबंधक व सपा विधायक माता प्रसाद पांडेय के विद्यालय परिसर में घुसने पर भाजपाइयों ने पूर्व मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी की मौजूदगी में प्रशासन व सपा विरोधी नारेबाजी की। मामले में पुलिस ने इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रमाकांत द्विवेदी व उनके पुत्र को आवास से निकाल थाने लाए, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
मतगणना स्थल डॉ. राम मनोहर लोहिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय के निकट स्थित माता प्रसाद जायसवाल इंटर कॉलेज इटवा के गेट से शनिवार दोपहर तीन बजे अंदर आए विधायक माता प्रसाद पांडेय कार्यालय में प्रधानाचार्य रमाकांत द्विवेदी से विद्यालय के संबंध में चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान मतगणना स्थल के गेट पर आये पूर्व मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी को पुलिस वालों ने रोक दिया। पूर्व मंत्री वहां से लौट रहे थे कि कार्यकर्ताओं ने उन्हें बताया कि दूसरे गेट से पुलिस की मौजूदगी में विधायक माता प्रसाद पांडेय अंदर गए हैं। यह सुनते ही पूर्व मंत्री आक्रोशित हो गए और दूसरे गेट के पास बाउंड्रीवाल लांघकर विद्यालय परिसर में पहुंच गए और पुलिस प्रशासन पर नाराजगी जताने लगे। मंत्री को गुस्से में देखकर कार्यकर्ता भी उत्तेजित हो गए। शोर सुनकर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे सीओ हरीशचंद्र विद्यालय में स्थित आवास से प्रधानाचार्य रमाकांत द्विवेदी व उनके पुत्र को बाहर निकाल थाने लाए। भाजपाइयों के विरोध को सुनकर विद्यालय के अन्य रास्ते से सपा विधायक माता प्रसाद पांडेय बाहर निकल गए। एसओ इटवा अरविंद मौर्या ने कहा कि कोई मामला नहीं था, परंतु विरोध के चलते प्रधानाचार्य को उनके आवास से मतगणना संपन्न होने तक बाहर रहने को कहा गया।