शोहरतगढ़/डुमरियागंज। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि यूपी को जिम्मेदार सरकार चाहिए, न कि प्रशिक्षु मुख्यमंत्री। यूपी में ऐसी सरकार की जरूरत है, जो देश की राजनीति को नई दिशा दे सके। सपा-बसपा ने सिर्फ प्रदेश को निचोड़ने का काम किया है। विकास के लिए भाजपा को सत्ता में लाना होगा।
डुमरियागंज के भवानीगंज में पार्टी प्रत्याशी राघवेंद्र प्रताप सिंह सभा और शोहरतगढ़ में अमर सिंह चौधरी के समर्थन में रोड-शो के दौरान अनुप्रिया ने प्रदेश सरकार की जमकर खिंचाई की। कहा कि सपा सरकार ने पूरे देश में हत्या, बलात्कार की घटनाओं में यूपी को नंबर वन बना दिया है, मगर अब प्रदेश की जनता देश में नई पहचान बनाना चाहती है। इसका सारा दारोमदार युवाओं पर है। कहा कि सपा सरकार में विकास की उपेक्षा हुई है। मुख्यमंत्री के बयान से भी यह साफ हो रहा है। सपा-कांग्रेस गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह गठबंधन सपा ने अपनी हार की लाज बचाने के लिए किया है।
हारी हुई मानसिकता के बल पर हुआ गठबंधन कभी सफल नहीं होगा। भेदभाव को विकास का ब्रेकर बताते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां जातिवाद की राजनीति को हवा दे रही हैं। जाति-पात के बहकावे में न आकर विकास करने की सोच रखने और समाज में आपसी सौहार्द व प्रेमभाव को कायम करने वाली भाजपा की सरकार बनाने के लिए वोट करें। शोहरतगढ़ में रोड शो कंदवा बाजार से शुरू हुआ। विशाल काफिले के साथ अनुप्रिया ने चिल्हिया, गौहनिया, परसिया, छतहरा, शोहरतगढ़, मडवा, बानगंगा, गणेशपुर, सिसवा, तुलसियापुर, ढेबरुआ होते हुए बढ़नी रामलीला मैदान पहुंची।
इस दौरान जगह-जगह नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। रोड शो में अपना दल के जिलाध्यक्ष हेमंत चौधरी, स्नेहलता पाल, राजू पाल, अनिल चौधरी, विजय सिंह चौधरी, डॉ. संजय सिंह चौधरी, सुभाषचंद्र चौधरी, कृष्ण कुमार अग्रवाल, नंदू गौड़, सतीश मित्तल, रामसेवक गुप्ता, दशरथ चौधरी, राजकुंवर, रवींद्र वर्मा, शिवकुमार अग्रवाल, कृष्णपाल चौधरी आदि शामिल रहे। भवानीगंज में जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन अग्रहरि, राजू श्रीवास्तव, अजय पांडेय आदि मौजूद रहे। संचालन मंडल अध्यक्ष गौरव मिश्रा ने किया।