पुलिस के पास रहेगी स्ट्रांग रूम संबंधी लॉग बुक, नहीं होगी चूक
डीएम ने कहा पेपर लीक होने पर होगी सख्त कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा में केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के संबंध में अतिरिक्त सुरक्षा बरती जा रही है। डीआईओएस ने बताया कि इस बार परीक्षा केंद्रों पर स्थित प्रश्नपत्र रखे जाने वाले स्ट्रांग रूम की लॉग बुक पुलिस के पास रहेगी। डीएम ने कहा कि पेपर लीक होने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एक केंद्र व्यवस्थापक ने सवाल किया कि स्ट्रांग रूम पर तैनात पुलिसकर्मी के पहले की तरह देर से अथवा न आने पर क्या होगा। जिस पर एसपी अमित कुमार आनंद ने कहा कि वहां 24 घंटे पुलिस तैनात रहेगी, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोहिया कला भवन में बोर्ड परीक्षा के लिए में केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में सर्वाधिक चर्चा हुई। इसमें पूर्व कई स्थानों पर विभिन्न परीक्षाओं में प्रश्नपत्रों के लीक होने की घटनाओं को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बरतने की रणनीति बनी।
डीएम संजीव रंजन ने कहा कि शासन नकलविहीन परीक्षा के लिए कटिबद्ध है। केंद्र व्यवस्थापक सुनिश्चित कर लें कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र लीक होने की घटना ना हो। नकल कराने वाले व पेपर लीक में शामिल लोगों पर रासुका के तहत कार्रवाई होगी और उनका शिक्षण संस्थान भी ढहा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए प्रशासनिक अधिकारी की निगरानी में कंट्रोल रूम रहेगा।
एसपी ने कहा कि जहां भी पुलिस फोर्स की आवश्यकता होगी, वहां उपलब्ध रहेगी। डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड परीक्षा 2023 में स्ट्रांग रूम खोलने और बंद करने के संदर्भ में बने लॉग बुक को पुलिस अभिरक्षा में रखा जाएगा। एक केंद्र व्यवस्थापक ने कहा कि उनके यहां एक परीक्षार्थी का प्रवेशपत्र में नाम पुल्लिंग से स्त्रीलिंग आ गया है। उसके लिए वह क्या करें।
डीआईओएस ने बताया कि उसके लिए वह क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर संपर्क करें। बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने बीईओ को निर्देश दिया कि जिन अध्यापकों की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा में लगाई जाएगी। उन्हें परीक्षा के दौरान अवकाश नहीं दिया जाएगा। जिन परिषदीय विद्यालयों में दो से अधिक शिक्षक हैं, वहीं के शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षा में लगाई जाएगी।
इस दौरान प्रधानाचार्य नलिनीकांत मणि त्रिपाठी, विजय कुमार वर्मा, लोकेशधर द्विवेदी, रकीब अहमद, उदयप्रकाश मौर्य, रमेश यादव, नबीउल्लाह खान, रमाकांत द्विवेदी, रविंद्र चौबे मौजूद रहे।
बिना प्रमाणपत्र नहीं कटेगी ड्यूटी
डीआईओएस अवधेश नारायण मौर्य ने कहा कि जिन अध्यापकों की ड्यूटी केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के रूप में लगी है। वह स्वास्थ्य संबंधी समस्या से ग्रसित हैं तो सीएमओ से स्वास्थ्य प्रमाणपत्र लेकर आएं। नहीं तो उनकी ड्यूटी नहीं कटेगी। परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरा, वॉइस रिकॉर्डिंग बंद नहीं होना चाहिए। इसके लिए बिजली की उपलब्धता केंद्र व्यवस्थापक सुनिश्चित कर लें। परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग को 30 दिनों तक सुरक्षित रखा जाएगा और उसकी सीडी कैसेट डीआईओएस कार्यालय पर जमा किया जाएगा।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुलेगा स्ट्रांग रूम का ताला
डीआईओएस ने बताया कि इस बार प्रश्नपत्र को प्रधानाचार्य कार्यालय से अलग दूसरे कमरे में रखा जाएगा, जो 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा। स्ट्रांग रूम की चाबी केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक दोनों के पास रहेगी। स्ट्रांग रूम का ताला तभी खुलेगा, जब केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक व स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे। जिस दिन जिस विषय की परीक्षा रहेगी, उस दिन उसी प्रश्नपत्र को खोला जाएगा। प्रश्नपत्र किसी भी हालत में सीसीटीवी कैमरे के सामने न खोला जाए। उप संकलन केंद्र पर उत्तर पुस्तिकाएं पुलिस फोर्स के साथ ही पहुंचाई जाएंगी।