नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात
संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी के साथ उड़नदस्ता टीम रहेगी सक्रिय
परीक्षा को लेकर पूरे दिन सीट प्लान लगाने में जुटे रहे विद्यालय प्रबंधन
सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा बुधवार से शुरू हो रहा है। जिले के 119 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा होनी है। इसके लिए मंगलवार को पूरे दिन विद्यालयों में तैयारियां चलती रहीं। शिक्षक रोल नंबर युक्त सीट लिस्ट लगाते हुए देखे गए। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे को चेक किया गया। वहीं अधिकारी भी प्रबंधक और केंद्र व्यवस्थापक को दिशा- निर्देश देते रहे।
बुधवार को हाईस्कूल की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक होगी। पहला पेपर सामान्य हिंदी का है। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5:45 बजे तक होगी। इसमें भी हिंदी विषय की परीक्षा होगी। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट और हाईस्कूल की परीक्षा के लिए जिले में 119 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के लिए मंगलवार को प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए। परीक्षा को लेकर विद्यालयाें में पूरे दिन तैयारी चलती रही। नगर के सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज और मुख्यालय स्थित जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई में परीक्षा को लेकर तैयारी देखी गई। परीक्षा में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न होने पाए इसके लिए केंद्र के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 प्रभावी रहेगा। वहीं तीन स्तर पर सीसीटीवी कैमरों से केंद्रों की लाइव निगरानी होगी। परीक्षा में चार स्तर पर परीक्षार्थियों की जांच की जाएगी। जिले को छह जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है। इसके अलावा जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जिनकी मौजूदगी में प्रश्नपत्र के पैकेटे खोले जाएंगे और परीक्षा संपन्न होने पर कॉपियों को सील करके जमा कराया जाएगा। केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेगा। केवल मजिस्ट्रेट और शिक्षक ही आ और जा सकेंगे। उनके पास भी परीक्षा से जुड़ा आईकार्ड रहेगा। कक्ष निरीक्षकों की बात करें तो जिले में 119 केंद्र पर परीक्षा संपन्न कराने के लिए 1200 से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
-
119 स्टेटिक मजिस्ट्रेट संपन्न कराएंगे परीक्षा
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए 119 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे, जो परीक्षा की पूरी अवधि में केंद्र की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा छह जोनल मजिस्ट्रेट और 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। यह टीम परीक्षा के दौरान किसी भी शिकायत, संदिग्ध गतिविधि या अनुशासनहीनता पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगी।
-
परीक्षार्थियों के लिए यह जरूरी
बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के अलावा एक और पहचान पत्र और लेकर केंद्र पर जाना होगा। इसमें मुख्य रूप से आधार कार्ड हो सकता है। आधार कार्ड न होने पर अन्य पहचान पत्र लेकर जा सकते हैं। तभी परीक्षा कक्ष में उन्हें प्रवेश मिलेगा। अधिकारियों ने अभिभावकों को अवगत करवाया है कि अगर आपका बच्चा परीक्षा दे रहा है तो प्रवेश पत्र के साथ एक पहचान पत्र जरूर देकर भेंजे। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक डिवाइस जैसे मोबाइल, कैलकुलेटर, ईयरफोन सहित अन्य प्रकार की डिवाइस लेकर जाना प्रतिबंधित है। परीक्षा कक्ष में केवल पेन, प्रवेश पत्र और एक पहचान पत्र ही लेकर परीक्षार्थी जा सकते हैं।
-
इतने परीक्षार्थी परीक्षा में होंगे शामिल
डीआईओएस कार्यालय से मिले आंकड़ों के मुताबिक जनपद में इस बार 64710 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 37605 में 19167 लड़के और 18334 लड़कियां परीक्षा देंगी। इंटरमीडिएट के 27209 में 13962 लड़के और 13247 लड़किया परीक्षा में शामिल होंगी। 775 प्राइवेट परीक्षार्थियों सहित कुल 65569 बच्चे परीक्षा में शामिल होंगे।
-
इस समय शुरू होगी परीक्षा
हाईस्कूल की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक। 18 फरवरी को सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा होगी।
इंटरमीडिएट की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5:45 बजे तक। 18 फरवरी को हिंदी विषय की परीक्षा होगी।
-
बोले जिम्मेदार
बोर्ड परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। केंद्र व्यवस्थापक और प्रधानाचार्य को परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश दिए गए हैं। लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
अरुण कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक