ग्राम प्रधान चुनाव के दूसरे चरण का नामांकन गुरुवार से शुरू हो गया। ब्लॉक मुख्यालयों पर दिन भर गहमागहमी बनी रही। प्रत्याशियों की भीड़ के चलते कई ब्लॉकों में देर रात तक नामांकन चलता रहा।
इस दौरान प्रशासनिक व्यवस्था की लापरवाहियों का भी बोलबाला रहा। प्रत्याशी और समर्थकों को जरूरी जानकारियों के लिए यहां-वहां भटकना पड़ा।
दूसरे चरण में शोहतरगढ़, इटवा, बढ़नी व जोगिया ब्लॉक में मतदान होना है। इसके लिए नामांकन करने के लिए गुरुवार सुबह से ही ब्लॉक कार्यालयों पर प्रत्याशियों का जमावड़ा हो गया।
दूर-दराज के गांवों से प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ सुबह 8 बजे से ही नामांकन स्थल पर जुटने लगे। न्याय पंचायत वार बने काउंटरों पर प्रस्तावकों के साथ पहुंच प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा कराया।
शोहरतगढ़ ब्लॉक में शाम 6 बजे तक प्रधान पद पर 134 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 34 ने नामांकन किया। कई उम्मीदवार अभी भी कतार में लगे थे।
वहीं जोगिया ब्लॉक में देर शाम तक प्रधान पद पर 43 और सदस्य पद के लिए 19 ने ही पर्चा भरा था। हालांकि काउंटर पर बड़ी संख्या में प्रत्याशी कतार में खड़े रहे। कुछ ऐसा ही हाल बढ़नी ब्लॉक का भी था। रात नौ बजे तक यहां नामांकन की प्रक्रिया जारी रही। इटवा ब्लॉक में प्रधान पद पर 183 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा कराया।