-सिद्धार्थ विश्वविद्यालय व आलियाह यूनिवर्सिटी पश्चिम बंगाल के बीच खेला गया ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट मैच
-सिद्धार्थ विश्वविद्यालय ने बंगाल की टीम को 155 रनों से किया पराजित
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन रेवेनशॉ यूनिवर्सिटी कटक में 10 से 22 जनवरी तक खेला जाएगा। इसमें मंगलवार को आयोजित पहले मुकाबले में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय ने आलियाह यूनिवर्सिटी पश्चिम बंगाल को 155 रनों से हरा दिया, प्रतियोगिता में परिवेश त्रिपाठी ने 106 रनों की पारी खेली।
आलियाह यूनिवर्सिटी पश्चिम बंगाल ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। इससे सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 201 रन बनाए। इसमें परिवेश त्रिपाठी ने 106 रन, विभोर द्विवेदी ने 15, अविनाश पासवान ने 15, समीर अंसारी 14, साबिर अंसारी 14 रनों की पारी खेली।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी आलियाह यूनिवर्सिटी पश्चिम बंगाल की पूरी टीम सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी के कसी हुई गेंदबाजी के सामने मात्र 46 रनों पे ऑल आउट हो गई। बॉलिंग करते हुए विश्वविद्यालय के गेंदबाज ऋषभजी ने 3 विकेट, कयूम अहमद व हर्ष पांडेय ने दो-दो विकेट और अंकित कुमार, अविनाश पासवान व समीर अंसारी ने एक-एक विकेट चटकाएं।
साबिर अंसारी ने शानदार विकेट कीपिंग करते हुए दो बल्लेबाजों को स्टंपिंग किया। मैन ऑफ द मैच परिवेश त्रिपाठी रहे। इस दौरान टीम के मैनेजर डॉ. दीपक देव तिवारी और टीम कोच डॉ. नवीन सोनी मौजूद रहे। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु की 16 सदस्यीय क्रिकेट टीम कोच और मैनेजर के साथ ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने के लिए गई हुई है।