मतदान के बाद होगी विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षा
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु की सेमेस्टर परीक्षा, विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद होगी। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के जोखिम के कारण विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर परीक्षा टाल दी थी। संक्रमण कम होने के बाद सेमेस्टर परीक्षा की रूपरेखा तय की गई है। 12 मार्च से सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू होंगी।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध छह जिले के महाविद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षा आयोजित की जाएगी। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार, सेमेस्टर परीक्षा कराई जा रही है। विश्वविद्यालय एवं 284 महाविद्यालयों के विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय परिसर में परास्नातक कक्षाओं की सेमेस्टर परीक्षा आयोजित की जाती थी। पहली बार विश्वविद्यालय एवं सभी महाविद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षा कराई जा रही है।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु की सेमेस्टर एवं वार्षिक परीक्षा 2022 की तिथि घोषित की गई है। परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया है कि स्नातक स्तर की सेमेस्टर की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होगी। विधानसभा चुनाव में तीन मार्च को मतदान होगा। उसके बाद परीक्षा शुरू होगी, जिसमें कोरोना संक्रमण के प्रति पूरी सतर्कता बरती जाएगी। वार्षिक परीक्षा की तिथि 16 अप्रैल से निर्धारित की गई है। परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया की परीक्षा से संबंधित समय सारणी एवं पूर्ण विवरण विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अविलंब उपलब्ध करा दिया जाएगा। यह जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अविनाश प्रताप सिंह ने दी है।