लोटन। कोतवाली क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में दो माह पूर्व हुए संदीप यादव हत्याकांड में वांछित दो आरोपियों रामजीत और भरत को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
विज्ञापन
थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने बताया कि संदीप यादव हत्याकांड में आठ नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। नामजद आरोपी रामजीत और भरत निवासी ग्राम कोल्हुआ छोटकाडीह थाना लोटन घटना के बाद से भागे हुए थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी नेपाल भागने की तैयारी में धरमौली मोड़ पर वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को दबोच लिया।