वाराणसी (बलिया) के ध्यानार्थ
दो शिक्षकों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
फर्जी दस्तावेज लगाकर नौकरी करने का है आरोप
डुमरियागंज बीईओ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। फर्जी प्रमाण-पत्र के जरिए शिक्षक की नौकरी करने वाले दो लोगों पर भवानीगंज पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। बीईओ डुमरियागंज की तहरीर पर केस दर्ज करके पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पिछले चार दिन में 15 फर्जी शिक्षकों पर मुकदमा दर्ज हो चुका है।
जिले में फर्जी दस्तावेज के सहारे नौकरी करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। बीएसए कार्यालय अपने कारनामे को लेकर एक बार फिर कटघरे में आ गया है। पिछले तीन दिनों से फर्जी शिक्षकों पर कार्रवाई होने से एक बार फिर बेसिक शिक्षा विभाग चर्चा में आ गया है। बीईओ डुमरियागंज की तहरीर पर भवानीगंज पुलिस ने रूबी सिंह सहायक शिक्षक प्राथमिक विद्यालय लालाजोत विकासखंड क्षेत्र डुमरियागंज एवं स्थायी पता बड्सरी जागीर थाना मनियर जिला बलिया और विजय पाल यादव सहायक शिक्षक प्राथमिक विद्यालय बजाराडीह विकासखंड क्षेत्र डुमरियागंज एवं स्थायी पता पसैला बाबू थाना व जनपद बस्ती के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। इस बाबत एसओ भवानीगंज अंजनी कुमार राय ने बताया कि बीईओ डुमरियागंज की तहरीर पर दो फर्जी शिक्षकों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।