थाना क्षेत्र के भालूकोनी गांव स्थित कुआनो नदी में शनिवार शाम नहाने गए तीन किशोर गहरे पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने साहस दिखाते हुए दो किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक 15 वर्षीय किशोर नदी में लापता हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र के भोलापुर निवासी सरवरे आलम का 15 वर्षीय पुत्र आमिर, बड़े भाई खुशहाल (18) और साथी अनमोल (15) पुत्र जमील के साथ शनिवार शाम करीब चार बजे भालूकोनी गांव के पास कुआनो नदी में नहाने गया था।
नहाते समय तीनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर पास मौजूद भालूकोनी गांव निवासी शिवदास नदी में कूद पड़े। कड़ी मशक्कत कर खुशहाल और अनमोल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन आमिर तेज बहाव और गहराई में लापता हो गया। उसकी तलाश शुरू की गई लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष भवानीगंज विजय शंकर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू कराया। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ टीम को सूचना दे दी गई है। रात में भी तलाश अभियान जारी रखने के लिए प्रकाश की व्यवस्था कराई गई है।