संवाद न्यूज एजेंजी
सिद्धार्थनगर। एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने कार्य में लापरवाही के मामले में आरआई और दो दरोगा को निलंबित कर दिया है। निलंबन के पीछे डीआईजी के निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर कार्रवाई की गई हैं।
डीआईजी बस्ती दिनेश कुमार पी. जिले में दो दिवसीय दौरे पर आए थे। उन्होंने पहले दिन मोहाना और दूसरे दिन शुक्रवार को बांसी कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। इसके साथ ही लाइन का निरीक्षण किया। शुक्रवार को शाम वह चले गए। इसी बीच मोहाना थाना में तैनात दरोगा वीरेंद्र यादव को निलंबित कर दिया गया। वहीं, बांसी में दरोगा जिलाउल्लाह को निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही आरआई बीएन गुप्ता को निलंबित किया गया है।
कार्य में लापरवाही के मामले में कार्रवाई की बात बताई जा रही है, लेकिन आरआई के निलंबित होने के पीछे पुलिस लाइंस में कार्य करते समय तीन प्रशिक्षु आरक्षी के करंट की चपेट में आने के मामले को लेकर कार्रवाई की चर्चा है। इस संबंध में एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि कार्य में लापरवाही के मामले में कार्रवाई की गई है।