शोहरतगढ़। कस्बे के गड़ाकुल में शनिवार रात बच्चों के विवाद को लेकर दो परिवारों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और थाने ले गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। रविवार को थाने में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया।
जानकारी के अनुसार, तिरंगा चौराहे के पास एक चाय की दुकान के सामने शनिवार रात सुमित पटवा के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। बेटे को पिटता देख दुर्गा प्रसाद पटवा और उनके परिजन बचाव के लिए पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मौके पर भीड़ जुटने पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई।
दुर्गा प्रसाद पटवा ने तहरीर में आरोप लगाया कि सभासद अनूप कसौधन आठ-दस लोगों के साथ उनके बेटों से मारपीट कर रहे थे। बचाव करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई। वहीं, दूसरे पक्ष के अनूप कसौधन ने आरोप लगाया कि उनके बेटे अनुज कसौधन को सुमित पटवा और कुछ लोगों ने गाड़ी से खींचकर पीटा। उलाहना देने पहुंचने पर उनके साथ भी मारपीट की गई।
प्रभारी थानाध्यक्ष अतिउल्लाह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली थी। रविवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया, जहां उन्होंने आपसी सहमति से सुलह कर ली।