जिले में मिले दो कोरोना संक्रमित
लखनऊ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में हुई पुष्टि
महिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में दो कोरोना संक्रमित मिले हैं। शनिवार को लखनऊ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें महिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया। जिले में अब तक 4083 संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 3998 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 37 लोगों का इलाज चल रहा है और संक्रमण से अब तक जिले में 52 लोगों की मौत हो चुकी है।
जिले में कोरोना संक्रमित मरीज रुक-रुक कर मिल रहे हैं। बीते दो दिनों में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिले थे। मगर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक दो संक्रमित मिले। इनमें डुमरियागंज ब्लॉक के कुनार गांव में एक संक्रमित पाया गया। उसका ब्लॉक के महरिया गांव में एक संक्रमित मिला। संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों को महिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया। इस बाबत सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि दो कोरोना संक्रमित मिले हैं, उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया। साथ ही उनके संपर्क में आने वाले अन्य लोगों का सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया।