सिद्धार्थनगर। बाइक और अन्य चोरी की वारदातों के मामलों का पर्दाफाश करते हुए बांसी पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने दो बाइक और नकदी के साथ सगे भाइयों श्यामसुंदर और इंद्रजीत माैर्य को गिरफ्तार किया है। पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों का नाम जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज कई चोरी के मामलों में सामने आया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
कोतवाल बांसी मृत्युंजय पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि बांसी पुलिस, एंटी थेफ्ट टीम और सर्विलांस सेल ने शनिवार को संयुक्त अभियान चलाया। इस बीच जानकारी मिली की दो संदिग्ध पचपेड़िया तिराहे के पास हैं, जो चोरी सहित अन्य वारदातों को अंजाम देते हैं। सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। यहां दो संदिग्धों को दबोच लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान से श्यामसुंदर मौर्या और उसके भाई इंद्रजीत मौर्या, निवासी मुडार खुर्द थाना कोतवाली बांसी के रूप में हुई। दोनों कोतवाली बांसी में दर्ज चोरी के मामले के अलावा थाना शोहरतगढ़, भवानीगंज और ढेबरूआ में दर्ज कई चोरी के मामलों में वांछित थे।
गिरफ्तारी के समय उनके कब्जे से दो मोटरसाइकिलें और चोरी से संबंधित 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।