पथरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के गौरी पाठक गांव में शनिवार की देर शाम धान की नर्सरी डालकर लौट रहे दो सगे भाइयों शकील और जमील और उनकी बहन सोनी की पटीदारों ने लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें बांसी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर देखकर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। रविवार की सुबह पुलिस ने आमिना खातून की तहरीर पर महमूद उर्फ बब्बू, मुर्तजा आलम, मुस्तफा आलम, तरन्नुम, सबीना, सजरुन्निशा और मशहूर आलम के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गौरी पाठक गांव निवासी पीड़िता की मां आमिना खातून के अनुसार उनके पुत्र शकील, जमील और बेटी सोनी खेत में धान की नर्सरी डालकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनके पटीदार महमूद उर्फ बब्बू उन्हें चिढ़ाने के उद्देश्य से भैंस जैसी आवाज निकालने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद महमूद के अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए और शकील, जमील और सोनी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।