खुनुवां/तुलसियापुर। भारत-नेपाल सीमा पर खाद की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसएसबी की 43वीं वाहिनी के जवानों ने दो अलग-अलग स्थानों पर दो व्यक्तियों को पकड़ा। उनके पास से पांच बोरी यूरिया, एक बोरी कैल्शियम सल्फेट और दो साइकिलें बरामद की गईं। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग बढ़नी को सौंप दिया गया।
पहली कार्रवाई में सीमा चौकी कपसिहवा के जवानों ने एक व्यक्ति को दो बोरी यूरिया, एक बोरी कैल्शियम सल्फेट और साइकिल के साथ पकड़ा। वह खाद लेकर भारत से नेपाल जाने का प्रयास कर रहा था। पूछताछ में उसने अपनी पहचान दीपक नाउ निवासी ग्राम भादरिया, थाना तौलिहवा, जिला कपिलवस्तु, नेपाल के रूप में बताई। वह खाद से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में सीमा चौकी बाणगंगा के जवानों ने परसौना गांव के पास गश्त के दौरान एक व्यक्ति को तीन बोरी यूरिया के साथ पकड़ा। उसकी पहचान कृष्णा मोहन निवासी परसौना, थाना शोहरतगढ़, जिला सिद्धार्थनगर के रूप में हुई। वह भी खाद के संबंध में वैध कागजात नहीं दिखा सका। एसएसबी ने दोनों मामलों में खाद और साइकिलें जब्त कर आरोपियों को सीमा शुल्क विभाग के सुपुर्द कर दिया।