रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने दो बैंक खातों से 1.50 लाख रुपये की ठगी मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी यूपी के जिला बलरामपुर के गांव रतनपुर निवासी राहुल चौधरी व जिला सिद्धार्थनगर के गांव बुड्ढी खास निवासी महफूज आलम है।
11 मई को मोहल्ला सरस्वती विहार निवासी योगेश कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि 23 अप्रैल को उनके मोबाइल फोन पर मैसेज आया था। मैसेज में उनके यूनियन बैंक खाते से 1 लाख रुपये और एसबीआई के खाते से 50 रुपये निकलने की सूचना थी। उन्होंने न तो किसी के साथ ओटीपी शेयर किया था और न ही किसी लिंक पर क्लिक किया था।
दोनों बैंकों के कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया तो बताया कि उनके खातों से पैसों की निकासी की गई है। धोखाधड़ी करते हुए दोनों बैक खातों से कुल 1.50 लाख रुपये उड़ा दिए। पुलिस ने साइबर थाना में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी।
आरोपी राहुल चौधरी के बैंक खाते में ठगी के 1 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे जबकि महफूज आलम ने साइबर ठगों को खाता मुहैया कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।