शोहरतगढ़। मतदान समाप्त होने के बाद बृहस्पतिवार को शोहरतगढ़ नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के 12 उमीदवारों की किस्मत मतपेटी में बंद हो गई। कस्बा स्थित शिवपति इंटर कॉलेज में शनिवार को मतगणना के बाद स्पष्ट हो जाएगा कि जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा।
तहसील क्षेत्र की दोनों नगर पंचायतों के मतदाताओं ने शहर की सरकार बनाने के लिए मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट देकर लोकतंत्र को मजबूत किया। मतदान और मतगणना के बीच गली-मोहल्लों से लेकर चौक-चौराहों तक प्रत्याशियों की जीत-हार की चर्चाओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शोहरतगढ़ में कुछ लोग निर्दल प्रत्याशी को भारी मान रहे हैं तो कई लोग भाजपा प्रत्याशी की जीत का दावा करते नजर आए। इस बीच एक अन्य शख्स ने दावा किया कि परिणाम सारे चुनावी दावों से अलग होगा और इस बार चौंकाने वाला रिजल्ट आएगा। कुल मिलाकर कहा जाए तो किन्हीं दो प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर न बनने से वोटरों को भी किसी नतीजे तक पहुंचने में काफी माथा पच्ची करनी पड़ रही है। इन सबके बीच अधिकतर लोगों ने दावा किया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के त्रिकोणीय लड़ाई हुई और इनमें से कोई भी जीत सकता है।