-बारिश से मिली राहत तो यातायात और बिजली आपूर्ति हुई बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
सकारपार। क्षेत्र में बुधवार की रात हुई बारिश से गर्मी से बेहाल लोगों ने राहत की सांस ली है। रात में अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ तेज हवा चलने से कई जगहों पर पेड़ व बिजली के खंभे उखड़ कर सड़क पर गिर गए। इसके चलते आवागमन के साथ कई जगहों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
बुधवार रात 10 बजे के आसपास एकाएक मौसम का मिजाज बदला और गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। गर्मी से बेहाल लोगों ने राहत की सांस ली तो वहीं क्षेत्र के बांसी-धानी मार्ग पर कई जगहों पर पेड़ गिरने से काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई जगह पेड़ उखड़ कर गिर गए, जबकि पोल गिरने से पटखौली फीडर से जुड़े गई गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
बृहस्पतिवार को वन विभाग के लोगों ने सड़क से पेड़ों को हटाना शुरू किया, जिसके बाद यातायात शुरू हो पाया। वहीं बिजली निगम के कर्मचारी विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे। तेज हवा के चलते आम की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।